Noida News: फीफा वर्ल्ड कप के रंग में रंगा नोएडा, स्कूलों और फुटबॉल अकादमियों में दिखा जबरदस्त फुटबॉल क्रेज
- sakshi choudhary
- 18 Jul, 2026
नोएडा में फीफा वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अब केवल टीवी स्क्रीन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका उत्साह शहर के स्कूलों, फुटबॉल अकादमियों और युवा खिलाड़ियों के बीच भी साफ दिखाई दिया। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट से प्रेरित होकर शहर के कई शैक्षणिक संस्थानों और खेल अकादमियों ने वर्ल्ड कप थीम पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए। कहीं लाइव मैच की स्क्रीनिंग हुई तो कहीं इंटर-हाउस फुटबॉल टूर्नामेंट और रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को विश्व स्तरीय फुटबॉल संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया गया। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, टीमवर्क और फुटबॉल के प्रति रुचि बढ़ाना रहा। खिलाड़ियों ने विश्व के दिग्गज फुटबॉलरों की रणनीति, फिटनेस और तकनीक को करीब से समझने का अवसर भी प्राप्त किया।
सेक्टर-50 स्थित राइजिंग स्टार फुटबॉल अकादमी के खिलाड़ियों ने आरआर सिनेमा में फीफा वर्ल्ड कप मुकाबले की लाइव स्क्रीनिंग देखी। सुबह छह बजे से खिलाड़ी अपने कोच के साथ थिएटर पहुंचे और बड़े पर्दे पर मैच का रोमांच महसूस किया। वहीं सेक्टर-49 के एसडी विद्या स्कूल में फीफा वर्ल्ड कप की तर्ज पर इंटर-हाउस फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित किया गया, जिसमें ज्योति, सरस्वती, भारती और गीता हाउस की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में ज्योति हाउस ने सक्षम के शानदार निर्णायक गोल की बदौलत भारती हाउस को 1-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। दूसरी ओर सेक्टर-44 स्थित नॉर्दर्न यूनाइटेड फुटबॉल क्लब ने इंटर-अकादमी टूर्नामेंट का आयोजन किया, जहां टीमों को अलग-अलग देशों के नाम दिए गए, जिससे खिलाड़ियों को वास्तविक फीफा वर्ल्ड कप जैसा माहौल महसूस हुआ। सेक्टर-141 की फूटी फेमीज अकादमी में बच्चों के लिए फुटबॉल थीम पर पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने पसंदीदा फुटबॉल सितारों और खेल भावना को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
फुटबॉल प्रशिक्षक रंजन ठाकुर का कहना है कि फीफा वर्ल्ड कप जैसे वैश्विक आयोजन बच्चों को खेल के प्रति प्रेरित करते हैं और उन्हें बड़े सपने देखने का अवसर देते हैं। फुटबॉल विशेषज्ञ गौरांग राठी के अनुसार यदि नोएडा में इस तरह की नियमित प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी रहे तो आने वाले समय में यहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकल सकते हैं। युवा खिलाड़ियों का उत्साह भी इस बात की पुष्टि करता है। खिलाड़ी श्वेता ने कहा कि टीवी पर फीफा देखने के बाद स्कूल टूर्नामेंट में उसी माहौल को महसूस करना बेहद खास अनुभव रहा। ओजस ने बताया कि वह क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बड़े प्रशंसक हैं और टूर्नामेंट में उनके अंदाज में खेलने की कोशिश की। वहीं रोहिनी सिंह का कहना है कि वह फीफा मैच देखकर नई तकनीक सीखती हैं और उसे अपने खेल में अपनाने का प्रयास करती हैं, जबकि कयान धनखड़ ने फीफा को केवल मनोरंजन नहीं बल्कि फुटबॉल सीखने की एक बेहतरीन क्लास बताया। नोएडा में बढ़ता यह फुटबॉल क्रेज आने वाले वर्षों में शहर को देश के प्रमुख फुटबॉल केंद्रों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।