दिल्ली-NCR में मानसून का कहर, झमाझम बारिश से राहत के साथ बढ़ी परेशानी; IMD ने जारी किया यलो अलर्ट
- sakshi choudhary
- 28 Jul, 2026
दिल्ली-NCR में मानसून एक्सप्रेस ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार सुबह से ही राजधानी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, भारी बारिश ने कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी खड़ी कर दी। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को ऑफिस जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा और कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति देखने को मिली। दिल्ली के सदर बाजार, जनपथ रोड, शंकर विहार और पंडित पंत मार्ग जैसे इलाकों में जलभराव की खबर सामने आई है।
बारिश के कारण दिल्ली-NCR का यातायात भी प्रभावित हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग-8 (NH-8) पर लंबा जाम लग गया, जबकि कई निचले इलाकों में पानी भरने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-3 में भी बारिश का असर देखने को मिला, जहां सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। कई उद्योगों और रास्तों में पानी घुसने से कर्मचारियों और उद्यमियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि जल निकासी व्यवस्था पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद हर बार बारिश में जलभराव की समस्या बनी रहती है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार शाम तक सफदरजंग में 8 मिमी, रिज इलाके में 19.4 मिमी और लोधी रोड पर 11.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR में अगले दो दिनों तक बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 28 और 29 जुलाई को बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 30 जुलाई को भी हल्की बारिश के आसार बने रहेंगे, जबकि 31 जुलाई से 2 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि बारिश के दौरान सावधानी बरतें और जलभराव वाले रास्तों से बचें।