ग्रेटर नोएडा के ग्लोबल इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के एसोसिएट प्रोफेसर एवं ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के अध्यक्ष डॉ एन.सी. शर्मा को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ज्ञान गौरव सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान आराध्या एक अहसास फाउंडेशन, मेरठ द्वारा आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में प्रदान किया गया। फाउंडेशन के संस्थापक मनीष कुमार गुप्ता एवं मेघा वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में विभिन्न शिक्षकों को शिक्षा जगत में उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। डॉ शर्मा को विशेष रूप से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, बेहतर प्लेसमेंट सुनिश्चित करने तथा युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के प्रयासों के लिए यह सम्मान दिया गया। समारोह का आयोजन 2 अगस्त 2026 को मंगलमय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के विशाल सभागार में हुआ, जहां शिक्षा जगत और मीडिया से जुड़े कई प्रतिष्ठित लोग मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ एन.सी. शर्मा ने इस सम्मान को महादेव की कृपा, अपने गुरुजनों, परिवार और सभी शुभचिंतकों के आशीर्वाद का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का मूल्यांकन कर उन्हें यह सम्मान दिया जाना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने आराध्या एक अहसास फाउंडेशन, संस्थापक मनीष कुमार गुप्ता तथा आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। डॉ शर्मा ने अपने संस्थान के चेयरमैन डॉ विनोद सिंह, प्राचार्य डॉ लोकेश शर्मा, शिक्षाविद डॉ अर्चना सिंह, अकादमिक इंचार्ज, सभी स्टाफ सदस्यों, परिवार, मित्रों, भाई-बहनों, रिश्तेदारों, पत्नी सुमन शर्मा और बेटी सुनिधि का भी सहयोग एवं शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।
इस अवसर पर एक और विशेष उपलब्धि तब सामने आई जब डॉ एन.सी. शर्मा की पत्नी सुमन शर्मा को भी हिंदी शिक्षण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ज्ञान गौरव सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया। सुमन शर्मा स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा में हिंदी शिक्षिका हैं तथा केंद्रीय विश्वविद्यालय, नई दिल्ली से हिंदी विषय में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त कर चुकी हैं। उन्हें शिक्षा और भाषा शिक्षण में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षाविदों के साथ फिल्म जगत से जुड़ी अभिनेत्री विनीता मलिक भी उपस्थित रहीं। पति-पत्नी दोनों का अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए एक ही समारोह में सम्मानित होना इस आयोजन का विशेष आकर्षण रहा। सम्मान प्राप्ति के बाद डॉ एन.सी. शर्मा के बड़ौत स्थित पाराशर भवन निवास पर भी शुभचिंतकों का तांता लगा रहा, जहां उनके पिता एवं प्रसिद्ध शिक्षाविद डॉ ए.सी. शर्मा को लोगों ने बधाई देकर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। वहीं सुमन शर्मा ने यह सम्मान अपने सभी शुभचिंतकों को समर्पित करते हुए इसे अपने शिक्षकीय जीवन की प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।