ग्रेटर नोएडा में 11 से 13 अगस्त तक India Bio Energy & Tech Expo-2026, 12 अगस्त को आएंगे CM योगी
- sakshi choudhary
- 07 Aug, 2026
इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में 11 से 13 अगस्त 2026 तक India Bio Energy & Tech Expo-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी में देश-विदेश के प्रतिनिधि, उद्योग जगत के विशेषज्ञ, निवेशक, नीति-निर्माता और बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े लोग हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के दूसरे दिन यानी 12 अगस्त को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री का संभावित कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच बताया जा रहा है। सीएम के आगमन और कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में अधिकारियों ने इंडिया एक्सपो मार्ट पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की और सभी संबंधित विभागों को समयसीमा के भीतर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, अग्निशमन, कानून-व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट और अतिथि सत्कार समेत कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने को देखते हुए सभी इंतजाम उच्च गुणवत्ता वाले और व्यवस्थित होने चाहिए। तीन दिवसीय इस एक्सपो में बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े तकनीकी और नीतिगत विषयों पर कई सत्र आयोजित किए जाएंगे। पहले दिन प्रदर्शनी का उद्घाटन होगा, जबकि दूसरे दिन CEO Roundtable, राज्य सरकारों के विशेष सत्र, निवेश एवं उद्योग सहयोग, ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG), एथेनॉल, बायोडीजल, Sustainable Aviation Fuel (SAF), Waste-to-Energy और Biomass जैसे विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही कार्बन मार्केट, वित्तपोषण और नई तकनीकों पर भी विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे।
India Bio Energy & Tech Expo-2026 का आयोजन Indian Federation of Green Energy (IFGE), एमएम एक्टिव साई-टेक कम्युनिकेशंस और उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण के सहयोग से किया जा रहा है। सम्मेलन की थीम “लो कार्बन वर्ल्ड के लिए बायोएनर्जी समाधानों को आगे बढ़ाना” रखी गई है। आयोजकों के मुताबिक एक्सपो में 25 से अधिक सम्मेलन सत्र, 120 से ज्यादा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय वक्ता, 150 से अधिक प्रदर्शक, 1,000 से ज्यादा प्रतिनिधि और 15,000 से अधिक व्यावसायिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है। प्रदर्शनी में अत्याधुनिक बायोएनर्जी तकनीकों और नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। समापन सत्रों में भविष्य की कार्ययोजना, निवेश साझेदारी और उद्योग-सरकार के बीच बेहतर समन्वय को लेकर मंथन होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन का फोकस सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत रखने पर है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *