दादरी में 14 अगस्त को राजा राव उमराव सिंह भाटी की स्मृति में भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह
- sakshi choudhary
- 12 Aug, 2026
80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में दादरी में 14 अगस्त 2026 को 1857 की क्रांति के अमर सेनानी राजा राव उमराव सिंह भाटी की स्मृति में भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। भारतीय किसान यूनियन मंच के तत्वावधान में शुक्रवार सुबह 10 बजे राजा राव उमराव सिंह भाटी स्मृति स्थल पर होने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत गंगाजल से जलाभिषेक, हवन और पूजन के साथ होगी। इसके बाद 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में राजा राव उमराव सिंह भाटी के योगदान और उनके बलिदान पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में किसान, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, विद्वान, इतिहासकार, अधिवक्ता, शिक्षाविद और समाजसेवी शामिल होकर अमर क्रांतिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने कहा कि दादरी की वीरभूमि का 1857 की क्रांति में ऐतिहासिक योगदान रहा है और राजा राव उमराव सिंह भाटी का बलिदान स्वतंत्रता संग्राम का गौरवशाली अध्याय है। प्रदेश प्रभारी विक्रांत भाटी और जिला प्रभारी अजब सिंह भाटी ने बताया कि संगठन लंबे समय से जिला प्रशासन, नगर पालिका और प्रदेश सरकार के सामने राजा राव उमराव सिंह भाटी की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण, उचित रखरखाव और दादरी तिराहे स्थित नगर पालिका परिसर में रखी प्रतिमा को सम्मानजनक स्थान पर स्थापित करने की मांग उठा रहा है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम से पहले स्मृति स्थल की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारी भी शुरू कर दी है। पश्चिम उत्तर प्रदेश महासचिव डॉ. मोहसिन ने कहा कि जिस तरह प्रदेश के अलग-अलग शहरों में महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान दिया जा रहा है, उसी तरह दादरी के गौरव राजा राव उमराव सिंह भाटी को भी समुचित सम्मान मिलना चाहिए।
युवा जिला अध्यक्ष आयुष शर्मा ने कहा कि राजा राव उमराव सिंह भाटी सिर्फ दादरी रियासत के शासक नहीं थे, बल्कि भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर क्रांतिकारी थे। उनका साहस, देशभक्ति और बलिदान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। वहीं जिला अध्यक्ष (अल्पसंख्यक) दानिश ने दादरी के नगरवासियों, युवाओं, किसानों और सामाजिक संगठनों से 14 अगस्त के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है। कार्यक्रम 14 अगस्त 2026, शुक्रवार को सुबह 10 बजे राजा राव उमराव सिंह भाटी स्मृति स्थल, दादरी, गौतम बुद्ध नगर में आयोजित होगा। आयोजकों का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के इस स्थानीय नायक के योगदान को याद करना और नई पीढ़ी को दादरी की ऐतिहासिक विरासत से जोड़ना है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *