घंघोला के किसानों को मिले आबादी भूखंड
- Kapil Choudhary
- 25 Aug, 2026
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने घंघोला गांव के किसानों को बड़ी राहत देते हुए 23 पात्र किसानों को छह फीसदी आबादी भूखंड आवंटित कर दिए हैं। मंगलवार को किसानों की मौजूदगी में भूखंड आवंटन की प्रक्रिया पूरी की गई। समान आकार वाले 16 भूखंडों के लिए ड्रा कराया गया, जबकि अलग-अलग आकार के सात भूखंड होने के कारण उनके लिए ड्रा की आवश्यकता नहीं पड़ी और संबंधित किसानों के नाम सीधे भूखंड आवंटित कर दिए गए। ड्रा प्रक्रिया के दौरान एसीईओ सुनील कुमार सिंह, ओएसडी लवगीत कौर और ओएसडी अजय शर्मा समेत प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे। भूखंड आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लंबे समय से इंतजार कर रहे किसानों को राहत मिली है।
दरअसल, घंघोला गांव के किसानों की जमीन अधिग्रहित किए जाने के बाद से उनके छह फीसदी आबादी आवासीय भूखंड लंबे समय से लंबित थे। भूखंड आवंटन को लेकर किसानों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार से मुलाकात कर अपनी मांग रखी थी। किसानों ने प्राधिकरण से जल्द आबादी भूखंड उपलब्ध कराने की अपील की थी। किसानों की मांग पर सीईओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने और पात्र किसानों को शीघ्र आबादी भूखंड आवंटित करने के निर्देश दिए। इसके बाद नियोजन विभाग और छह फीसदी आबादी भूखंड विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए भूखंड आवंटन की कार्रवाई को आगे बढ़ाया। मंगलवार को इसी क्रम में 16 समान आकार वाले भूखंडों का पारदर्शी तरीके से ड्रा कराया गया और सात अलग आकार के भूखंडों का सीधे आवंटन कर दिया गया।
प्राधिकरण के ओएसडी अजय शर्मा ने कहा कि किसानों को छह फीसदी आवासीय भूखंड उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि घंघोला गांव की तर्ज पर अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी आबादी के भूखंड जल्द आवंटित किए जाएंगे। इससे लंबे समय से लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद है। ड्रा की प्रक्रिया के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक नियोजन सुधीर कुमार, प्रबंधक प्रमोद कुमार और प्रबंधक संदीप रावल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्राधिकरण की ओर से आबादी भूखंडों के लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने की बात कही गई है, जिससे प्रभावित किसानों को जल्द राहत मिल सके।