नोएडा में तेज बारिश से जलभराव, दिल्ली में उमस ने बढ़ाई परेशानी! IMD का यलो अलर्ट
- sakshi choudhary
- 26 Aug, 2026
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से दिल्ली और आसपास के इलाकों में उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया, वहीं दोपहर बाद नोएडा में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम में आए इस बदलाव के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए बुधवार को यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, गुरुवार से बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है और कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश हो सकती है।
दक्षिण यूपी और उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र का असर मौसम पर दिखाई दे रहा है। इसके चलते कई इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। आईएमडी वैज्ञानिक नरेश कुमार के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश हो सकती है, जिसके मद्देनजर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसका असर आसपास के क्षेत्रों के मौसम पर भी पड़ सकता है। दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल यलो अलर्ट के तहत लोगों को मौसम पर नजर रखने और बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, 30 अगस्त के बाद उत्तराखंड में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में बढ़ा तापमान, उमस से बेहाल रहे लोग
दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सोमवार की तुलना में 1.1 डिग्री अधिक था। यह सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। तापमान बढ़ने के साथ बुधवार सुबह उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। हालांकि, दोपहर बाद नोएडा में हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। बारिश के चलते कई जगह पानी जमा होने से यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में दिल्ली-एनसीआर में बारिश की गतिविधि धीरे-धीरे कम हो सकती है, जबकि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में छिटपुट भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।