खेडी-भनौता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटर कॉलेज में शनिवार को मेगमीट इलेक्ट्रिकल और प्रेमांश फाउंडेशन की संयुक्त पहल से नवनिर्मित कंप्यूटर लैब का शुभारंभ किया गया। कंप्यूटर लैब का उद्घाटन मुख्य अतिथि दादरी विधायक दीपक नागर ने फीता काटकर किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यालय के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, डिजिटल ज्ञान और भविष्य में उपयोगी तकनीकी कौशल से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान मेगमीट इलेक्ट्रिकल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के महाप्रबंधक चेंग जुन, वरिष्ठ प्रबंधक एचआर चेतन शर्मा, वित्त प्रबंधक दीपक रोहिल्ला और प्रेमांश फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. शिखा शुक्ला सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य संतराम वर्मा और प्रबंधन समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। विद्यार्थियों ने अतिथियों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि दीपक नागर ने कंप्यूटर लैब की स्थापना के लिए मेगमीट इलेक्ट्रिकल और प्रेमांश फाउंडेशन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से डिजिटल प्रगति की ओर बढ़ रहा है और ऐसे समय में सरकारी विद्यालयों में कंप्यूटर एवं डिजिटल शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। विद्यालय के प्रधानाचार्य संतराम वर्मा ने सहयोगी संस्थाओं और अतिथियों का आभार जताते हुए कहा कि कंप्यूटर लैब से विद्यालय के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। इससे बच्चों की कंप्यूटर शिक्षा मजबूत होने के साथ उनके डिजिटल ज्ञान और तकनीकी कौशल का भी विकास होगा। उन्होंने कहा कि यह सुविधा विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करने में मददगार साबित होगी।
मेगमीट इलेक्ट्रिकल के वरिष्ठ प्रबंधक एचआर चेतन शर्मा ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समाज के उन बच्चों तक संसाधन और अवसर पहुंचाना जरूरी है, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है। प्रेमांश फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. शिखा शुक्ला ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुकी है। कंप्यूटर लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को नए ज्ञान, डिजिटल कौशल और भविष्य के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया गया है। कार्यक्रम में मेगमीट टीम से रोहित भूषण और रजनी तथा प्रेमांश फाउंडेशन की ओर से अमर सिंह, अनमोल सिंह नेगी, रीतू और प्राची बंसल मौजूद रहे। इसके अलावा विद्यालय प्रबंधन समिति के संरक्षक भागमल सिंह, राज सिंह प्रधान, प्रबंधक अभय सिंह, अध्यक्ष संदीप प्रधान, उपाध्यक्ष उधम सिंह, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार, कपिल चौधरी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।