Monday, 12 May 2026 | 04:35 PM
BREAKING
NEWS
● डॉ. बलकार सिंह ने संभाली ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO की कमान, किसानों के मुद्दे और अवैध निर्माण रोकना होंगी बड़ी चुनौतियां
● ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जाम से मिलेगी राहत, तीन नए अंडरपास बनाने की तैयारी
● ग्रेटर नोएडा: गुलिस्तानपुर के 113 किसानों को मिला 6 फीसदी आबादी भूखंड
● ग्रेटर नोएडा: गुलिस्तानपुर के 113 किसानों को मिला 6 फीसदी आबादी भूखंड, 90 प्लॉट का निकाला गया ड्रॉ
● यूपी में 16 IAS अधिकारियों का फेरबदल, रवि कुमार एनजी को UPSIDA की जिम्मेदारी
● बाल दिवस पर एम.सी. गोपीचंद इंटर कॉलेज में सजा रंगोत्सव, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
● ट्रेड फेयर में ग्रेटर नोएडा की परियोजनाओं का प्रदर्शन, यूपी के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने किया प्राधिकरण के स्टॉल का निरीक्षण
● एडवोकेट मुकेश नागर को भाजपा ओबीसी मोर्चा में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी।
● 16 नवंबर से शुरू होगा जनगणना-2027 का स्व-गणना अभियान, घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार का विवरण
● छठ पूजा के लिए सज गए ग्रेटर नोएडा के बाजार, 21 घाटों पर होगी पूजा; आज नहाय-खाय से महापर्व की शुरुआत
डॉ. बलकार सिंह ने संभाली ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO की कमान, किसानों के मुद्दे और अवैध निर्माण रोकना होंगी बड़ी चुनौतियां
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) मिल गया है।
- sakshi choudhary
- 18 Nov, 2026
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) मिल गया है। 2004 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. बलकार सिंह ने प्राधिकरण के नए सीईओ के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उत्तर प्रदेश शासन की ओर से किए गए प्रशासनिक फेरबदल में उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के सीईओ के पद पर तैनात थे। वहीं, निवर्तमान सीईओ एनजी रवि कुमार को यूपीसीडा की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. बलकार सिंह के सामने ग्रेटर नोएडा के विकास को गति देने के साथ लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान करने की चुनौती होगी।
किसानों और फ्लैट खरीदारों की समस्याओं पर रहेगी नजर
ग्रेटर नोएडा तेजी से औद्योगिक, आवासीय और व्यावसायिक विकास की ओर बढ़ रहा है। शहर में नए निवेश, औद्योगिक इकाइयों और आवासीय परियोजनाओं के विस्तार की संभावनाएं हैं। इसके बावजूद किसानों के लंबित मुद्दे नए सीईओ के लिए बड़ी चुनौती बने रहेंगे। जमीन अधिग्रहण, मुआवजा, अतिरिक्त मुआवजा और आबादी भूखंड जैसी मांगों को लेकर किसान संगठन लगातार आवाज उठाते रहे हैं। इसके अलावा बिल्डर-फ्लैट खरीदारों के विवाद, अधूरी परियोजनाएं और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का समाधान करना भी जरूरी होगा। शहर के कई इलाकों में बढ़ते ट्रैफिक जाम और बुनियादी ढांचे पर बढ़ते दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था बेहतर करना भी प्राथमिकता में शामिल हो सकता है।
अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर लगाम लगाना बड़ी चुनौती
ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माण और जमीन पर अतिक्रमण की समस्या भी लंबे समय से चिंता का विषय रही है। प्राधिकरण क्षेत्र में बिना अनुमति निर्माण, अनधिकृत कॉलोनियां और अधिग्रहित जमीन पर कब्जे जैसी शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में नए सीईओ के सामने अवैध निर्माण पर प्रभावी कार्रवाई करने और प्राधिकरण की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने की चुनौती होगी। इसके साथ ही अधूरी विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा कराना, सड़क, सीवर, पानी, सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाना भी शहर के लोगों की प्रमुख अपेक्षाएं हैं।
आठ जिलों में DM रह चुके हैं डॉ. बलकार सिंह
डॉ. बलकार सिंह उत्तर प्रदेश कैडर के 2004 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्हें जिला प्रशासन से लेकर औद्योगिक विकास, आवास, शहरी नियोजन और जलापूर्ति जैसे क्षेत्रों में काम करने का अनुभव है। वह उत्तर प्रदेश के आठ जिलों में जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा हरियाणा के पंचकूला में उपायुक्त के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। राज्य स्तर पर उन्होंने यूपी जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के सचिव और आवास आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। ग्रेटर नोएडा आने से पहले वह यूपीसीडा के सीईओ थे। औद्योगिक विकास और निवेश से जुड़े उनके अनुभव से शहर को लाभ मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि नए सीईओ किसानों की समस्याओं, अवैध निर्माण, ट्रैफिक जाम और विकास परियोजनाओं को लेकर किस तरह की प्राथमिकताएं तय करते हैं।