ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण से निपटने के लिए पेड़ों की धुलाई, 30 से अधिक टैंकर तैनात
- sakshi choudhary
- 23 Nov, 2026
ग्रेटर नोएडा। दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए अपने स्तर पर प्रयास तेज कर दिए हैं। शहर में धूल के कणों को कम करने के लिए अब सड़कों और निर्माण स्थलों के साथ-साथ पेड़ों की भी धुलाई कराई जा रही है। ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में इस काम के लिए 30 से अधिक पानी के टैंकर लगाए गए हैं। प्राधिकरण के सीईओ बलकार सिंह के निर्देश पर उद्यान विभाग की अलग-अलग टीमें दोनों क्षेत्रों में पेड़ों की धुलाई कर रही हैं। उद्यान विभाग के प्रभारी उपनिदेशक ज्ञानेंद्र यादव के मुताबिक, इस काम में एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) से शोधित पानी का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे पेड़ों की पत्तियों पर जमा धूल साफ होगी और पेड़ों के नीचे की जमीन में भी नमी बनी रहेगी। इससे धूल उड़ने की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।