ग्रेटर नोएडा में UP इंटरनेशनल ट्रेड शो के लिए लगाई गईं फैंसी लाइटें गायब, अंधेरे में डूबी सड़क
- sakshi choudhary
- 26 Nov, 2026
ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UP International Trade Show 2026) के दौरान शहर की प्रमुख सड़कों को रोशन करने के लिए लगाई गईं फैंसी लाइटें अब गायब हो गई हैं। सूरजपुर-कासना रोड पर कई स्थानों पर लाइटें नजर नहीं आ रही हैं और उनके स्थान पर सिर्फ खाली पोल खड़े हैं। हैरानी की बात यह है कि करीब 15 मीटर ऊंचे इन पोल से लाइटें गायब होने के बाद सूरजपुर तिराहे से क्राउन प्लाजा और आगे एलजी चौक तक का रास्ता अंधेरे में डूब गया है।
जानकारी के मुताबिक, सितंबर में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान ग्रेटर नोएडा की प्रमुख सड़कों को आकर्षक बनाने और बेहतर रोशनी की व्यवस्था के लिए फैंसी लाइटें लगाई गई थीं। लेकिन अब सूरजपुर तिराहे से क्राउन प्लाजा और एलजी चौक तक करीब 15 पोल पर लाइटें नहीं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिनों पहले तक इन पोल पर लाइटें लगी हुई थीं, लेकिन अब वे गायब हैं। लोगों ने आशंका जताई है कि लाइटों की चोरी हुई है। इतना ही नहीं, पोल के आसपास लगी लोहे की ग्रिल भी गायब होने की बात सामने आई है। स्थानीय निवासियों ने इस मार्ग पर निगरानी और पुलिस गश्त की कमी पर भी सवाल उठाए हैं।
वहीं, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिक) सौरभ भारद्वाज ने लाइट चोरी होने की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि इन पोल पर अभी लाइटें लगाई जानी बाकी हैं। संबंधित ठेकेदार से इस संबंध में बात की गई है और एक सप्ताह के भीतर सभी स्थानों पर लाइटें लगवा दी जाएंगी। अब देखना होगा कि प्राधिकरण तय समय में सड़क पर रोशनी की व्यवस्था बहाल कर पाता है या नहीं।