Monday, 12 May 2026 | 04:35 PM
BREAKING NEWS
● संविधान दिवस पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली शपथ, सेक्टर-3 में एक सप्ताह में शुरू होगा पानी की लाइन का काम ● ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण पर प्राधिकरण सख्त, 11 हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी! 36 निर्माणकर्ताओं को नोटिस ● ग्रेटर नोएडा में निवेश की संभावनाएं तलाशने पहुंचा दक्षिण कोरिया का सरकारी प्रतिनिधिमंडल, 4 सांसद भी रहे शामिल ● YEIDA की 94वीं बोर्ड बैठक में 12 बड़े फैसलों पर लगी मुहर, कमाई चार गुना बढ़कर 7,071 करोड़ रुपये पहुंची ● नोएडा-ग्रेटर नोएडा के 86 हजार घरों तक पहुंचेगी PNG, बिछेगी 490 KM लंबी पाइपलाइन; जानिए किन इलाकों को मिलेगा फायदा ● ग्रेटर नोएडा के डेल्टा-2 में बनेगा 120 कमरों वाला इंटरनेशनल होटल, 2029 में शुरू होगा संचालन ● ग्रेटर नोएडा में 300 परिवारों की बिजली गुल, 6.87 लाख रुपये बकाया होने पर NPCL ने काटा कनेक्शन ● ग्रेटर नोएडा में UP इंटरनेशनल ट्रेड शो के लिए लगाई गईं फैंसी लाइटें गायब, अंधेरे में डूबी सड़क ● दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठंड, 30 नवंबर तक कोहरे का अलर्ट; नोएडा-ग्रेटर नोएडा में भी बदलेगा मौसम ● ग्रेटर नोएडा में प्रमोशन से शिक्षकों ने किया किनारा, दूरदराज के स्कूलों में तैनाती नहीं चाहते शिक्षक

ग्रेटर नोएडा में निवेश की संभावनाएं तलाशने पहुंचा दक्षिण कोरिया का सरकारी प्रतिनिधिमंडल, 4 सांसद भी रहे शामिल

ग्रेटर नोएडा में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक और पहल हुई है।
top-news

ग्रेटर नोएडा में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक और पहल हुई है। औद्योगिक निवेश की संभावनाएं तलाशने के लिए दक्षिण कोरिया का उच्चस्तरीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में दक्षिण कोरिया के चार सांसदों समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड रूम में प्राधिकरण के तीनों अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (ACEO) के साथ बैठक की। इस दौरान ग्रेटर नोएडा और इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप (IITGNL) में उपलब्ध औद्योगिक सुविधाओं, इंफ्रास्ट्रक्चर, उत्तर प्रदेश सरकार की निवेश नीतियों और लैंड बैंक के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल में सांसद किम जुंग हो, मून जियोंगबोग, कैंग सियोंगक्यू और ली जुयोंग शामिल रहे। भारतीय दूतावास के प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद थे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर एसीईओ प्रेरणा सिंह, सुमित यादव और नुपुर गोयल ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।

बैठक के दौरान एसीईओ प्रेरणा सिंह ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से ग्रेटर नोएडा और IITGNL की औद्योगिक खूबियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप देश की स्मार्ट औद्योगिक टाउनशिप में शामिल है। इसे प्लग एंड प्ले (Plug and Play) सिस्टम के आधार पर विकसित किया गया है। यहां उद्योग स्थापित करने के इच्छुक निवेशकों को कम समय में औद्योगिक भूखंड आवंटित करने की व्यवस्था है। औद्योगिक इकाइयां शुरू करने के लिए जरूरी सुविधाएं पहले से विकसित की जा चुकी हैं। ऐसे में भूखंड आवंटित होते ही उद्यमी अपना उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के नजदीक होने के साथ ही IITGNL सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के लिहाज से बेहतर स्थिति में है। प्रतिनिधिमंडल को उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नीतियों और यहां निवेश के लिए उपलब्ध अवसरों से भी अवगत कराया गया।

बैठक के बाद दक्षिण कोरिया के प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा के नियोजन, इंफ्रास्ट्रक्चर, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने इकोटेक-3 स्थित न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर (New Holland Tractor) के प्लांट का भी भ्रमण किया और औद्योगिक गतिविधियों को करीब से देखा। दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने ग्रेटर नोएडा में निवेश की संभावनाओं में रुचि दिखाई और यहां औद्योगिक निवेश करने की इच्छा जाहिर की। इस दौरे को ग्रेटर नोएडा में विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, फिलहाल किसी निवेश समझौते या निवेश राशि की घोषणा नहीं की गई है।