FSSAI का बड़ा एक्शन! दो कंपनियों के लाइसेंस सस्पेंड, पांच के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी
- sakshi choudhary
- 23 Nov, 2026
देश में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और लैब जांच में खामियां मिलने के बाद प्राधिकरण ने दो कंपनियों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिए हैं। वहीं, पांच अन्य खाद्य कारोबारियों के खिलाफ अभियोजन (Prosecution) शुरू करने की मंजूरी दी गई है। कार्रवाई की जद में URMI LIFESCIENCES LLP, GAUR AYURVEDIC STORE, VASANT MASALA, TIT-BIT FOODS INDIA, MIMANSA INDUSTRIES, ASHA CONFECTIONERY और BISLERI INTERNATIONAL शामिल हैं। जांच में कहीं खाद्य पदार्थों में कीटनाशक के अवशेष मिले, तो कहीं उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और लेबलिंग में गंभीर खामियां सामने आईं।
URMI LIFESCIENCES और GAUR AYURVEDIC STORE के लाइसेंस सस्पेंड
FSSAI ने URMI LIFESCIENCES LLP का लाइसेंस परिसर में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने के चलते सस्पेंड किया है। निरीक्षण के दौरान मशीनों और फर्श पर धूल, दीवारों पर उखड़ा हुआ पेंट और मकड़ी के जाले मिले। खाद्य उत्पादों के साथ गैर-खाद्य सामग्री और सिलिका जैसी चीजें भी पाई गईं। इसके अलावा उत्पादों की लेबलिंग, ट्रेसबिलिटी, स्टोरेज और पेस्ट कंट्रोल से जुड़ी खामियां भी सामने आईं। कंपनी को निरीक्षण में महज 15 प्रतिशत कंप्लायंस स्कोर मिला। वहीं, GAUR AYURVEDIC STORE पर बिना स्वीकृत लाइसेंस के दायरे में आने वाली सामग्री की री-पैकिंग और बिक्री करने का मामला सामने आया। निरीक्षण में लाल चंदन, सफेद चंदन, मुर्दा सिंगी और टैगर पाउडर जैसी सामग्री की री-पैकिंग पाई गई। इसके अलावा कॉपर सल्फेट को भी FSSAI लाइसेंस की जानकारी वाले पैकेट में पैक करके बेचा जा रहा था। साफ-सफाई, स्टोरेज और जरूरी रिकॉर्ड में भी कमियां मिलीं। इस प्रतिष्ठान का कंप्लायंस स्कोर 28 प्रतिशत रहा।
मसालों और अखरोट की जांच में मिली गड़बड़ी
FSSAI ने VASANT MASALA के खिलाफ मिर्च पाउडर के सैंपल में तय सीमा से अधिक कीटनाशक अवशेष मिलने पर अभियोजन की मंजूरी दी है। जांच में Difenoconazole नाम का कीटनाशक निर्धारित अधिकतम सीमा से ज्यादा पाया गया। वहीं, TIT-BIT FOODS INDIA के प्री-पैक्ड मिर्च पाउडर में भी कीटनाशक अवशेष निर्धारित सीमा से अधिक मिले। कंपनी के हल्दी पाउडर के सैंपल में टिन की मात्रा भी तय मानक से ज्यादा पाई गई। MIMANSA INDUSTRIES के अखरोट के सैंपल की जांच में भी कई खामियां सामने आईं। जांच में नमी, खराब अखरोट की मात्रा और निकाले गए फैट की अम्लता निर्धारित मानकों से अधिक पाई गई। इसके अलावा अखरोट में बासीपन (Rancidity) की समस्या भी सामने आई। इन निष्कर्षों के आधार पर उत्पाद को मानक के अनुरूप नहीं और असुरक्षित घोषित किया गया।
ASHA CONFECTIONERY की चॉकलेट कुकीज पर रिकॉल का आदेश, BISLERI भी कार्रवाई के दायरे में
ASHA CONFECTIONERY की प्री-पैक्ड चॉकलेट फिल्ड कुकीज में भी कई गड़बड़ियां मिलीं। लैब जांच में पैकेट पर लिखी शुगर की मात्रा और वास्तविक जांच के नतीजों में अंतर पाया गया। इसके अलावा सामग्री और फूड एडिटिव्स से जुड़ी जरूरी जानकारी लेबल पर नहीं थी। जांच में Carmoisine नाम का रंग बिना घोषित किए मिला। Tartrazine की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई, जबकि Sunset Yellow FCF भी संबंधित खाद्य श्रेणी में प्रतिबंधित होने के बावजूद पाया गया। इसके बाद FSSAI ने संबंधित बैच को बाजार से वापस मंगाने यानी रिकॉल करने का आदेश दिया और कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी भी दी। इस कार्रवाई में BISLERI INTERNATIONAL का नाम भी शामिल है। कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं मिली थी और उसे असुरक्षित घोषित किया गया। कंपनी की अपील के बाद रेफरल फूड लैब में दोबारा जांच हुई, जहां पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) मिलने के बाद सैंपल को फिर असुरक्षित घोषित किया गया। इसके आधार पर कंपनी के खिलाफ भी अभियोजन की मंजूरी दी गई।
क्या है FSSAI की कार्रवाई का मतलब?
FSSAI की इस कार्रवाई से साफ है कि खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर नियामक सख्ती बरत रहा है। हालांकि, लाइसेंस सस्पेंड होना और अभियोजन की मंजूरी मिलना दो अलग-अलग कानूनी प्रक्रियाएं हैं। लाइसेंस सस्पेंड होने का मतलब है कि संबंधित प्रतिष्ठान को लाइसेंस संबंधी कार्रवाई के चलते कारोबार करने पर रोक का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, अभियोजन की मंजूरी का मतलब है कि संबंधित कंपनी के खिलाफ अदालत में कानूनी कार्यवाही शुरू की जा सकती है। इसे अंतिम दोषसिद्धि नहीं माना जाना चाहिए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सीधे आम लोगों की सेहत से जुड़ी है। ऐसे में यह कार्रवाई खाद्य कारोबारियों के लिए भी एक संदेश है कि उत्पादों की गुणवत्ता, स्वच्छता, पैकेजिंग और लेबलिंग से जुड़े नियमों का पालन करना जरूरी है।