Greater Noida News: सेक्टर-36 के मुख्य द्वार पर शराब की दुकान का विरोध, आबकारी मंत्री से मिले RWA अध्यक्ष
- sakshi choudhary
- 18 Jun, 2026
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-36 में मुख्य प्रवेश द्वार पर संचालित अंग्रेजी शराब की दुकान को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। सेक्टर-36 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के अध्यक्ष डॉ. अजय भाटी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए प्रदेश के आबकारी मंत्री से मुलाकात कर शराब की दुकान को वर्तमान स्थान से हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि सेक्टर के गेट नंबर-1 पर स्थित इस वाइन्स शॉप के कारण क्षेत्र में लगातार यातायात संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। शराब खरीदने आने वाले लोगों की बड़ी संख्या में गाड़ियां सड़क पर खड़ी रहती हैं, जिससे सेक्टरवासियों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
डॉ. अजय भाटी ने बताया कि शराब की दुकान के आसपास कई लोग खुले में शराब का सेवन करते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। स्थानीय महिलाओं और युवतियों को भी असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। आरोप है कि शराब खरीदने आने वाले कुछ लोग महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं, जिससे आए दिन विवाद और झगड़े की आशंका बनी रहती है। RWA का कहना है कि यह स्थिति न केवल सामाजिक सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है, बल्कि सेक्टर की छवि को भी प्रभावित कर रही है। इसी वजह से निवासियों ने दुकान को आवासीय क्षेत्र के मुख्य प्रवेश द्वार से हटाकर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
RWA पदाधिकारियों ने यह भी बताया कि शराब की दुकान के निकट एक मंदिर और स्कूल स्थित हैं। ऐसे में यहां संचालित शराब की दुकान से विद्यार्थियों और धार्मिक गतिविधियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका है। स्थानीय लोगों का मानना है कि स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं के सामने इस प्रकार का माहौल उचित नहीं है। इसी मुद्दे को लेकर RWA अध्यक्ष डॉ. अजय भाटी ने आबकारी मंत्री को ज्ञापन सौंपकर गेट नंबर-1 से शराब की दुकान को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की है। इस दौरान RWA के उपाध्यक्ष रवि भाटी भी मौजूद रहे। स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी मांग पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई करेगा।