गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से जुड़ेगा परी चौक, सूरजपुर और कासना, ई-बस सेवा से यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
- sakshi choudhary
- 20 Jun, 2026
ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने गाजियाबाद रेलवे स्टेशन को परी चौक, सूरजपुर और कासना जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। इस योजना के तहत ई-बसों का संचालन किया जाएगा, जिससे रोजाना ट्रेन से आने-जाने वाले कामगारों, नौकरीपेशा लोगों और स्थानीय निवासियों को बेहतर और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो सकेगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रस्तावित रूटों का सर्वे कर जल्द से जल्द बस सेवा शुरू की जाए। बड़ी संख्या में लोग गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के विजय नगर साइड एंट्री से ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट के विभिन्न इलाकों तक पहुंचते हैं, जिन्हें अब सीधी बस सेवा का लाभ मिल सकेगा।
प्राधिकरण की योजना के अनुसार दो प्रमुख ई-बस रूट प्रस्तावित किए गए हैं। पहला रूट गाजियाबाद रेलवे स्टेशन, विजय नगर, तिगरी, गौड़ चौक, एक मूर्ति, नॉलेज पार्क-5, तिलपता, मकोड़ा रोटरी, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, डेल्टा-1, अल्फा कमर्शियल बेल्ट, परी चौक, नॉलेज पार्क-3 और नासा पार्किंग तक जाएगा। वहीं दूसरा रूट गाजियाबाद रेलवे स्टेशन, विजय नगर, तिगरी, गौड़ चौक, हनुमान मंदिर, ईकोविलेज-1, एससिटी, ईकोटेक थाना, सूरजपुर, कलेक्ट्रेट, एलजी चौक, जगत फार्म, अल्फा-1, परी चौक, वेनिस मॉल, कासना बस डिपो, कासना और जिम्स तक संचालित किया जा सकता है। इन रूटों के जरिए ग्रेनो वेस्ट, सूरजपुर और कासना क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधे रेलवे स्टेशन से कनेक्टिविटी मिलेगी।
सीईओ रवि कुमार एनजी ने बताया कि नए बस रूट तय करने के लिए आम जनता से फीडबैक लिया जा रहा है और अर्बन सर्विस विभाग की टीम भी सर्वे कर रही है। साथ ही यूपीएसआरटीसी अधिकारियों के साथ भी लगातार चर्चा जारी है। प्राधिकरण का लक्ष्य है कि जिन इलाकों में सार्वजनिक परिवहन की सबसे अधिक आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर बस सेवा शुरू की जाए। जरूरत पड़ने पर भविष्य में दिल्ली और दादरी के लिए भी नई बस सेवाएं शुरू की जा सकती हैं। यह पहल न केवल यातायात को सुगम बनाएगी बल्कि पर्यावरण के अनुकूल ई-बसों के जरिए लोगों को किफायती और आधुनिक परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराएगी।