दिल्ली मौसम अपडेट! बादलों ने दी राहत, उमस ने बढ़ाई परेशानी, अगले 24 घंटे में तापमान गिरेगा
- sakshi choudhary
- 22 Jun, 2026
राजधानी दिल्ली में रविवार को मौसम ने अलग-अलग रंग दिखाए। सुबह तेज हवाओं और आसमान में छाए बादलों के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। हालांकि दोपहर होते-होते तेज धूप निकल आई, जिससे उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। शाम के समय भी मौसम में नमी बनी रही और लोगों को राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से राजधानी में मौसम शुष्क बना हुआ है, जिसके कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। रविवार को अधिकतम आर्द्रता 63 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 35 प्रतिशत दर्ज की गई। विभाग की ओर से बीते तीन दिनों से बारिश का अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन दिल्ली-एनसीआर के किसी भी हिस्से में उल्लेखनीय बारिश या बूंदाबांदी रिकॉर्ड नहीं की गई। इसके चलते लोगों को गर्मी और उमस दोनों का सामना करना पड़ा।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं इसके बाद के 24 घंटों में तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। 22 जून से 27 जून तक दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।