Noida-Greater Noida के बीच बनेगा 31 KM का एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे, NHAI ने मांगा मास्टर प्लान
- sakshi choudhary
- 23 Jun, 2026
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लाखों लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दोनों शहरों के बीच प्रस्तावित नए एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे परियोजना ने अब रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा का मास्टर प्लान मांगा है। दरअसल, अब तक एक्सप्रेस-वे की प्रारंभिक रिपोर्ट केवल गूगल मैप और सैटेलाइट इमेज के आधार पर तैयार की गई थी, लेकिन अब वास्तविक जमीन, उपलब्ध भूमि, सेक्टरों की स्थिति और भविष्य के विकास को ध्यान में रखते हुए विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इससे परियोजना की दिशा और स्वरूप अधिक स्पष्ट हो सकेगा।
करीब 31 किलोमीटर लंबा यह प्रस्तावित एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे नोएडा के सेक्टर-94 से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा के चाई-4 सेक्टर के सामने यमुना एक्सप्रेस-वे तक पहुंचेगा। इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि इसे भविष्य में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे से भी जोड़ने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए मयूर विहार से महामाया फ्लाईओवर तक प्रस्तावित चिल्ला एलिवेटेड रोड की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) का भी अध्ययन किया जाएगा। इससे दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच यात्रा और अधिक तेज, सुगम और ट्रैफिक मुक्त हो सकती है।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, NHAI की सलाहकार एजेंसी को मास्टर प्लान और चिल्ला एलिवेटेड रोड की डीपीआर उपलब्ध करा दी गई है। अब एजेंसी विस्तृत अध्ययन कर एक्सप्रेस-वे का अंतिम डिजाइन और एलाइनमेंट तैयार करेगी। रिपोर्ट तैयार होने के बाद संबंधित विभागों और एजेंसियों के साथ दोबारा बैठक होगी, जिसमें परियोजना को आगे बढ़ाने पर निर्णय लिया जाएगा। यदि यह परियोजना तय समय पर पूरी होती है, तो नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र की कनेक्टिविटी, रियल एस्टेट और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।