ग्रेटर नोएडा में 15 कोचिंग सेंटरों पर कार्रवाई, बंद करने का नोटिस
- sakshi choudhary
- 22 Aug, 2026
लखनऊ के कोचिंग सेंटर में हुए अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश में अवैध और बिना पंजीकरण संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में ग्रेटर नोएडा में शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को बिना पंजीकरण चल रहे 15 कोचिंग सेंटरों को बंद करने का नोटिस जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि इन संस्थानों ने बिना जरूरी अनुमति के संचालन जारी रखा तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक शनिवार को कई कोचिंग सेंटरों को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने कहा कि बिना पंजीकरण किसी भी कोचिंग संस्थान का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।
शिक्षा विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश कोचिंग विनियमन अधिनियम-2002 के तहत कोचिंग संस्थान शुरू करने से पहले सक्षम अधिकारी से पंजीकरण प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य है। विभाग ने नोटिस में भवन संबंधी अभिलेख, पंजीकरण और छात्रों की सुरक्षा से जुड़े जरूरी मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए हैं। खासतौर पर फायर सेफ्टी और अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच पर जोर दिया जा रहा है। जिन संस्थानों को नोटिस भेजा गया है, उनमें नोएडा सेक्टर-2 का सीईटीपीए इनफोटेक और एलएन एआई एकेडमी, सेक्टर-3 का ग्रासटेक और क्यू सेपाईडर्स इंस्टीट्यूट, सेक्टर-16 का 4 एचीवर्स, अल्फा-1 का कोटा एकेडमी, सूरजपुर के कई कंप्यूटर एवं कोचिंग सेंटर, तिलपता का स्टार कंप्यूटर सेंटर और सेक्टर डेल्टा-1 का कैपिटल इंस्टीट्यूट यूजीएफ शामिल हैं।
शिक्षा विभाग ने संबंधित कार्रवाई की जानकारी जिलाधिकारी, पुलिस उपायुक्त और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण समेत अन्य अधिकारियों को भी भेजी है। अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई सिर्फ इन 15 संस्थानों तक सीमित नहीं रहेगी। ग्रेटर नोएडा में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे अन्य कोचिंग सेंटर भी जांच के दायरे में हैं। पुलिस टीम के साथ लगातार अभियान चलाकर संस्थानों के दस्तावेज और सुरक्षा मानकों का सत्यापन किया जाएगा। पिछले महीने भी विभाग ने अभियान चलाकर कई संस्थानों को बंद कराया था। ऐसे में आने वाले दिनों में अवैध कोचिंग सेंटरों पर और बड़ी कार्रवाई होने की संभावना है। छात्रों और अभिभावकों से भी अपील की जा रही है कि वे कोचिंग संस्थान में दाखिला लेने से पहले उसके पंजीकरण और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी जरूर जांच लें।