Greater Noida News: बेटी की शादी से पहले घर में सिलिंडर ब्लास्ट, पिता-पुत्र की मौत; शादी का सामान जलकर राख
- sakshi choudhary
- 25 Nov, 2026
ग्रेटर नोएडा: जेवर के दयानतपुर गांव में बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे एक परिवार पर ऐसा दुखों का पहाड़ टूटा कि शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। घर में एलपीजी गैस सिलिंडर से गैस रिसाव के बाद आग लग गई और दो सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गए। हादसे में पिता वीरपाल (56) और उनके बेटे अभिषेक (24) की मौत हो गई, जबकि अभिषेक की पत्नी काजल और उनका दो साल का बेटा आदित्य झुलस गए। परिवार में 2 दिसंबर को बेटी धीरज कुमारी की शादी होनी थी। हादसे में घर का सामान और शादी की तैयारियों से जुड़ी चीजें भी जलकर राख हो गईं।
शादी के नौ दिन पहले खुशियां मातम में बदलीं
घटना सोमवार, 23 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे की बताई गई है। परिवार के लोग बेटी धीरज की शादी की तैयारियों में जुटे थे। घर में शादी के कार्ड लिखे जा रहे थे और मेहमानों को निमंत्रण देने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान रसोई में रखे एलपीजी सिलिंडर से गैस का रिसाव हुआ। बताया गया कि बिजली की लाइन में स्पार्किंग होने से चिंगारी उठी और आग फैल गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दो सिलिंडर धमाके के साथ फट गए। हादसे के समय धीरज मंदिर गई हुई थी। उसकी शादी 2 दिसंबर को हरियाणा के रोहतक में तय थी।
पिता-पुत्र की मौत, बहू और पोता झुलसे
आग की चपेट में वीरपाल, अभिषेक, काजल और दो वर्षीय आदित्य आ गए। परिजन और ग्रामीण घायलों को जेवर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने वीरपाल और अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। काजल और आदित्य का उपचार जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों की हालत स्थिर बताई गई। पिता और भाई की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर की शादी की तैयारियां अधूरी रह गईं और परिवार के सामने अब आर्थिक और पारिवारिक संकट भी खड़ा हो गया है।
पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर बुझाई आग
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। पड़ोसियों राकेश और खेम सिंह ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर आग बुझाने की कोशिश की। उन्होंने सबमर्सिबल चालू कर पाइप के जरिए पानी डाला। ग्रामीणों ने घर में फंसे लोगों को बाहर निकालने में भी मदद की। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे घटना की सूचना मिली थी। करीब 20 मिनट बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक ग्रामीण आग पर काबू पा चुके थे।
घर में रखे थे 23 सिलिंडर, टल सकता था बड़ा हादसा
रिपोर्ट के मुताबिक, बेटी की शादी में मेहमानों और ग्रामीणों के भोजन की व्यवस्था के लिए परिवार ने 23 गैस सिलिंडर जुटाए थे। ये सिलिंडर दूसरे घर में रखे हुए थे, जो घटनास्थल के पास ही था। गनीमत रही कि आग और धमाकों की चपेट में बाकी सिलिंडर नहीं आए। यदि उनमें आग लगती तो हादसा और बड़ा हो सकता था। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।
गैस एजेंसी की भूमिका की जांच की मांग
हादसे के बाद मृतक वीरपाल के भाई कुशलपाल सिंह ने जेवर कोतवाली में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में सिलिंडर की गुणवत्ता, वाल्व, सील, रिफिलिंग और सुरक्षा मानकों में संभावित लापरवाही की जांच कराने की मांग उठाई गई है। वहीं जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना जताई और मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं और हादसे के कारणों की जांच जारी है।