कानपुर प्लेन क्रैश: टेक-ऑफ के 20 मिनट बाद खेत में गिरा ट्रेनिंग विमान, दो की मौत
- sakshi choudhary
- 27 Aug, 2026
उत्तर प्रदेश के कानपुर के कटरी क्षेत्र स्थित नत्थूपुरवा गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। गर्ग एविएशन सेंटर का चार सीटर डुअल इंजन ट्रेनिंग विमान उड़ान भरने के महज 20 मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जानकारी के मुताबिक विमान ने सुबह करीब 11:30 बजे उड़ान भरी थी और करीब 11:50 बजे नत्थूपुरवा के बाहरी इलाके में खेतों में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया, जो गुजरात के रहने वाले थे, और ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी, निवासी कर्नाटक, की मौके पर ही मौत हो गई। विमान के खेत में गिरने और तेज धमाके की आवाज से आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को सुरक्षित किया गया। कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, विमान ने ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान भरी थी। दुर्घटना के कारणों का अभी आधिकारिक रूप से पता नहीं चल पाया है। गर्ग एविएशन सेंटर के पायलट कैप्टन राजीव भल्ला ने बताया कि हादसे के कारणों की अंदरूनी समीक्षा की जा रही है। वहीं, घटना की सूचना नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी DGCA को दे दी गई है। अब डीजीसीए की विशेषज्ञ टीम विमान हादसे की तकनीकी और विस्तृत जांच करेगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विमान में तकनीकी खराबी थी, पायलट से जुड़ी कोई समस्या थी या हादसे के पीछे कोई अन्य वजह रही।
इस हादसे ने गर्ग एविएशन सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि दो महीने के भीतर यहां से जुड़े विमान से यह दूसरी गंभीर दुर्घटना है। इससे पहले 26 जून 2026 को गर्ग एविएशन लिमिटेड में पायलट प्रशिक्षण ले रही दिल्ली की एक युवती विमान लैंड कराने के बाद उतरते समय प्रोपेलर की चपेट में आ गई थी। वह गंभीर रूप से घायल हुई थी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जाता है कि यह फ्लाइंग क्लब पिछले 31 वर्षों से संचालित हो रहा है। इससे पहले 2022 में कानपुर एयरपोर्ट पर भी एक विमान तेज गति के कारण असंतुलित होकर रनवे से बाहर जाने लगा था, हालांकि उस समय बड़ा हादसा टल गया था। अब नत्थूपुरवा विमान हादसे के बाद डीजीसीए की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं।