Monday, 12 May 2026 | 04:35 PM
BREAKING NEWS
● खतौनी में नाम नहीं, जमीन पर बोर्ड नहीं... आखिर किसके भरोसे है ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की करोड़ों की जमीन? ● जेवर में किसान आंदोलन का बड़ा अपडेट! महापंचायत के बाद झुका प्रशासन, अब 23 नवंबर को यमुना प्राधिकरण में होगी निर्णायक वार्ता ● हुनरमंद युवा ही बनाएंगे विकसित भारत की मजबूत नींव, पीएम मोदी ने कौशल विकास को बताया देश की ताकत ● कभी कांग्रेस तो कभी भाजपा के निशाने पर Meta, भारत में क्यों बढ़ रहे विवाद? हैदराबाद से गुरुग्राम तक क्या है पूरा मामला ● जनगणना ड्यूटी में लापरवाही पर होगी FIR, ग्रेटर नोएडा में 2436 इन्यूमेरेटर और 330 सुपरवाइजर तैनात ● 50 फीसदी से ज्यादा लोगों को नहीं पता कि उन्हें है हाई बीपी, दीवार के सहारे की जाने वाली एक्सरसाइज से मिल सकता है फायदा ● यूपी स्पेशल TET का रिजल्ट घोषित, 17 दिन में जारी हुआ परिणाम ● ई-गन्ना प्रणाली से किसानों को मिल रहीं डिजिटल सुविधाएं, सर्वे से भुगतान तक की जानकारी ऑनलाइन ● 'मैं चुनौती को चुनौती दिए बिना रह नहीं सकता', पीएम मोदी ने गिनाईं उपलब्धियां ● ग्रेटर नोएडा में सड़कों पर धूल मिलने पर दो कंपनियों पर 1.50 लाख का जुर्माना, तीनों ACEO ने किया निरीक्षण

खतौनी में नाम नहीं, जमीन पर बोर्ड नहीं... आखिर किसके भरोसे है ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की करोड़ों की जमीन?

ग्रेटर नोएडा को विश्वस्तरीय शहर बनाने के लिए प्राधिकरण लगातार विकास योजनाओं पर काम कर रहा है।
top-news

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा को विश्वस्तरीय शहर बनाने के लिए प्राधिकरण लगातार विकास योजनाओं पर काम कर रहा है। शहर के विस्तार, औद्योगिक विकास, आवासीय योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं के लिए पिछले करीब एक दशक में विभिन्न गांवों के किसानों से सहमति के आधार पर हजारों करोड़ रुपये की जमीन खरीदी गई। लेकिन इस पूरी प्रक्रिया के बीच एक गंभीर सवाल खड़ा हो रहा है। आखिर खेड़ी, सुनपुरा, भनौता, कैलाशपुर समेत कई गांवों में किसानों से करोड़ों रुपये खर्च कर खरीदी गई जमीन का नाम राजस्व अभिलेखों यानी खतौनी में प्राधिकरण के नाम पर दर्ज क्यों नहीं कराया गया?


यदि जमीन खरीदने के वर्षों बाद भी राजस्व रिकॉर्ड में प्राधिकरण का नाम दर्ज नहीं है, तो यह महज कागजी औपचारिकता में देरी का मामला नहीं है। यह सरकारी संपत्ति की सुरक्षा, प्रबंधन और भूमि विभाग की जवाबदेही से जुड़ा गंभीर विषय है।

जमीन खरीदी, लेकिन मालिकाना हक के रिकॉर्ड अधूरे क्यों?


प्राधिकरण ने अलग-अलग गांवों में किसानों से सहमति के आधार पर जमीन खरीदी और इसके बदले करोड़ों रुपये का भुगतान किया। नियमानुसार जमीन खरीदने के बाद संबंधित राजस्व अभिलेखों में नामांतरण कराने, जमीन की सीमाओं का निर्धारण करने और उसे सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी प्राधिकरण की होती है।

इसके बावजूद कई जमीनों को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि वर्षों बीत जाने के बाद भी उनका नामांतरण और राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्त कराने की प्रक्रिया पूरी क्यों नहीं हुई? क्या भूमि विभाग के अधिकारियों ने इस दिशा में गंभीरता से काम नहीं किया या फिर विभागीय स्तर पर जवाबदेही तय करने की व्यवस्था ही कमजोर है?

सरकारी जमीन पर भू-माफियाओं की नजर, आम लोगों को बनाया जा रहा निशाना


राजस्व रिकॉर्ड में प्राधिकरण का नाम दर्ज नहीं होने और मौके पर जमीन की पहचान स्पष्ट नहीं होने का फायदा भू-माफिया और अवैध कॉलोनाइजर उठा सकते हैं। ऐसी जमीनों को अपनी बताकर आम लोगों को प्लॉट बेचने की आशंका बनी रहती है।

कई बार लोग जमीन के कागजात देखकर जीवनभर की कमाई निवेश कर देते हैं। बाद में पता चलता है कि जिस जमीन पर उन्होंने प्लॉट खरीदा है, वह पहले ही प्राधिकरण द्वारा खरीदी जा चुकी है। ऐसी स्थिति में नुकसान केवल खरीदार का नहीं होता, बल्कि प्राधिकरण की संपत्ति पर अवैध कब्जे और अनधिकृत कॉलोनियों को भी बढ़ावा मिलता है।

अधिकारियों और विशेषज्ञों की लंबी फौज, फिर भी जवाबदेही किसकी?


हैरानी की बात यह है कि प्राधिकरण के भूमि विभाग में अधिकारियों और लेखपालों की बड़ी टीम तैनात है। जमीन और राजस्व मामलों के जानकार सेवानिवृत्त अधिकारी भी विभाग को सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद खरीदी गई जमीन का रिकॉर्ड दुरुस्त कराने और उसे सुरक्षित रखने में देरी क्यों हो रही है?

आखिर इन अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी क्या है? क्या उनका काम केवल किसानों के प्लॉटों से जुड़ी फाइलों तक सीमित है? प्राधिकरण की खरीदी हुई जमीन का नामांतरण कराना, उसका रिकॉर्ड अपडेट रखना और उसे अवैध कब्जों से बचाना भी उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

जमीन की सुरक्षा के लिए क्यों नहीं उठाए जा रहे ठोस कदम?


प्राधिकरण को अपनी प्रत्येक खरीदी गई जमीन की पहचान और सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाना चाहिए। गांववार जमीन का रिकॉर्ड तैयार कर उसकी मौके पर पैमाइश कराई जाए। जमीन की सीमाओं पर सूचना बोर्ड लगाए जाएं, जिन पर स्पष्ट रूप से लिखा हो कि यह भूमि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की संपत्ति है।

जहां जरूरत हो, वहां तारबंदी कराई जाए। सभी जमीनों के राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्त कराकर नियमानुसार खतौनी में प्राधिकरण का नाम दर्ज कराया जाए। इससे अवैध कब्जों पर रोक लगाने के साथ-साथ आम लोगों को फर्जी प्लॉटिंग और जमीन की धोखाधड़ी से बचाने में भी मदद मिलेगी।

सीईओ को करानी चाहिए गांववार जमीन की समीक्षा


ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ को इस मामले में गांववार समीक्षा करानी चाहिए। इसमें स्पष्ट किया जाना चाहिए कि कितनी जमीन खरीदी गई, कितनी का नामांतरण पूरा हुआ, कितनी जमीन पर प्राधिकरण का वास्तविक कब्जा है, कितनी जमीन पर अतिक्रमण है और कितनी जमीन का राजस्व रिकॉर्ड अभी तक दुरुस्त नहीं हुआ है।

जिन अधिकारियों और कर्मचारियों को जमीन का नामांतरण कराने और उसे सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, उनकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। भूमि विभाग में सेवाएं दे रहे सेवानिवृत्त अधिकारियों के कार्यों की भी समीक्षा होनी चाहिए, ताकि यह पता चल सके कि अब तक इस दिशा में कितना काम हुआ है।

जनता के पैसे से खरीदी गई जमीन की सुरक्षा कौन करेगा?


यह समझना जरूरी है कि प्राधिकरण द्वारा खरीदी गई जमीन किसी अधिकारी या विभाग की निजी संपत्ति नहीं है। यह सार्वजनिक धन से खरीदी गई संपत्ति है और इसकी सुरक्षा करना प्राधिकरण की प्रशासनिक जिम्मेदारी है।

आखिर करोड़ों रुपये खर्च कर जमीन खरीदने के बाद भी यदि उसके राजस्व रिकॉर्ड अधूरे हैं, मौके पर उसकी पहचान नहीं है और भू-माफिया इसका फायदा उठाकर आम लोगों को गुमराह कर सकते हैं, तो यह व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।

ग्रेटर नोएडा को विश्वस्तरीय शहर बनाने का सपना केवल नई सड़कें, बिल्डिंग और औद्योगिक सेक्टर विकसित करने से पूरा नहीं होगा। इसके लिए जरूरी है कि प्राधिकरण अपनी मौजूदा संपत्तियों का भी सही प्रबंधन करे। अब सवाल सिर्फ जमीन खरीदने का नहीं, बल्कि उसे सुरक्षित रखने का है। आखिर प्राधिकरण की करोड़ों की जमीन की जिम्मेदारी किसकी है और इस लापरवाही का जवाब कौन देगा?